महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प लेने वाले शिक्षित समाज के एक विद्यार्थी ने मां को मौत के घाट उतार डाला।
करनाल आईटीआई के छात्र कुलदीप सिंह सैनी ने शनिवार को विधवा मां मीना देवी की कस्सी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएचओ दीपेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कस्सी भी बरामद कर ली है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
मृतका के भाई जिला पंचकूला के गांव कड़ियाईवाला (रायपुररानी) निवासी फूल चंद ने बताया कि मीना के पति अमरीक सिंह सैनी की 2009 में मौत हो गई थी।
मां-बेटे में काफी समय से तकरार चल रही थी। कुलदीप सिंह करनाल स्थित आईटीआई में पढ़ता था। पैसों और जेब खर्च के लिए भी मां-बेटे में कई बार विवाद हो चुका था।
शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली की इकलौते बेटे कुलदीप ने अपनी मां मीना की कस्सी मारकर हत्या कर दी है। इसके बाद वे गांव कोलापुर पहुंचे।