बरवाला बाईपास पर रविवार सुबह करीब आठ बजे एक कैंटर व बाइक की टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी अचानक कैंटर से भिड़ गई। इसी दौरान नरवाना से हिसार जा रही एक स्कूल बस कैंटर से जा टकराई। कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक ट्राला और तीन कार भी आपस में टकरा गईं। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
हादसे के बाद घायलों बाइक सवार बृजानंद, गौरव, प्रदीप व अन्य को राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से स्थानीय सिविल अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
नेशनल हाईवे पर एक साथ आठ वाहनों के टकराने के कारण एक साइड पर जाम लग गया। इस दौरान दर्जनों वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका। जांच अधिकारी एएसआई अशोक जाखड़ ने बताया कि पुलिस द्वारा घायलों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस में भर्ती होने के लिए एग्जाम देने जा रहे थे
नेशनल हाईवे बाईपास पर हुए हादसे में घायल हुए अंबाला निवासी गौरव व प्रदीप हिसार में पुलिस भर्ती के लिए एग्जाम देने जा रहे थे कि इस दौरान उनके बाइक व कार का एक्सीडेंट हो गया। उधर, नरवाना से 35 स्टूडेंट्स को लेकर आ रही स्कूल वैन हिसार के एक कोचिंग सेंटर में जा रही थी। ये स्टूडेंट्स शनिवार व रविवार को नरवाना से हिसार विशेष कोचिंग के लिए जाते हैं।