ऑटो में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले ऑटो चालक को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने काबू किया है। आरोपी चालक से एनसीबी ने 1.5 किलो चरस और 260 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एनसीबी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला महोवा के गांव काकुन के रहने वाले राघवेंद्र तिवारी (25) के रूप में हुई है। एनसीबी सुपरिंटेंडेंट कुलदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी पिछले तीन सालों से चंडीगढ़ में रह रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 9 बार नशीले पदार्थ मनाली व दिल्ली से ला कर शहर में बेच चुका है।
एनसीबी ने बताया कि उनको सूचना मिली थी कि ऑटो ड्राइवर इस तरह तस्करी कर रहा है। शुक्रवार सुबह एनसीबी ने सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैप लगाया और जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा उसको दबोच लिया। जब ऑटो की तलाशी ली तो सीट के नीचे से गांजा व चरस बरामद हुआ। एनसीबी का कहना है कि आरोपी चरस मनाली से और गांजा दिल्ली से लाया था। एनसीबी ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को जिला अदालत में पेश कर आरोपी को एनसीबी रिमांड पर लेगी।