लुधियाना महानगर के सीआईए स्टाफ ने लाडोवाल के पास नाकाबंदी के दौरान 2 किलो तीन सौ ग्राम की बड़ी खेप कोकीन बरामद की। पुलिस ने कोकीन सप्लाई करने जा रहे जम्मू कश्मीर के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके साथ आए 9 साल के बच्चे को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बरामद की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब साढ़े 11 करोड़ रुपये है।
थाना लाडोवाल में जम्मू कश्मीर के जिला शोपिया के गांव शीरमाल निवासी शब्बीर अहमद रथर, गांव खिगान निवासी रियाज अहमद खान और गांव दर्मदोहा निवासी बशीर अहमद जरगद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के साथ आए बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के राजीव सूद के पास छोड़ दिया है।
सीआईए वन के इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया लाडोवाल के पास नाकाबंदी के दौरान सूचना मिली कि आरोपी जम्मू कश्मीर से कार में सवार होकर आ रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ है।
जब जम्मू कश्मीर नंबर की कार निकलने लगी तो पुलिस ने आरोपियों को रोक लिया। कार में तीनों आरोपियों के साथ एक बच्चा भी था। सूचना मिलने के बाद एसीपी प्रीथि पाल सिंह के सामने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से कोकीन बरामद की गई।
जिसे करनी थी सप्लाई उसका नहीं था कोई भी पता
सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया पूछताछ की कि आरोपियों ने बताया उन्हें बस स्टैंड पर यह खेप देनी थी। खेप लेने वालों ने बस स्टैंड पर पहुंचने के लिए कहा था। खेप देने के बाद उन्हें जम्मू कश्मीर के लिए निकल जाना था।
खुद के बचाव के लिए गाड़ी में साथ लाए बच्चे को
इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया आरोपी खुद के बचाव के लिए बच्चे को गांव से साथ लाए थे। आरोपियों के मुताबिक बच्चा साथ होने का उन्हें यह फायदा था कि कार पर कोई पुलिस कर्मी हाथ नहीं डालता था। इससे वह कश्मीर से महानगर तक पहुंचने में कामयाब हो गए।