चंडीगढ़ में ड्रग स्मगलिंग के मामले बढ़ते जा रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने हेरोइन और गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान धनास स्थित मिल्क कॉलोनी निवासी अंकित (25)और शेखर (24) के रूप में हुई है।
डीएसपी क्राइम ब्रांच पवन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर 25 रैली ग्राउंड के पास क्राइम ब्रांच ने नाका लगाया हुआ था जैसे ही आरोपी अंकित वहां पर पहुंचा पुलिस ने उसे दबोच लिया। जब अंकित की तलाशी ली गई तो उससे 4.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं क्राइम ब्रांच ने वीरवार रात धनास स्थित कम्युनिटी सेंटर के पास नाका लगाया हुआ था।
पुलिस हर आने जाने वाले को चैक कर रही थी। तभी आरोपी उधर से पैदल ही आ रहा था उसने जैसे ही पुलिस का नाका देखा वो घबरा कर मुड़ गया और वापस चल पड़ा। पुलिस को उस पर शक हुआ और जब शेखर को काबू कर तलाशी ली तो उससे 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने शेखर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर गिरफ्तार कर लिया।