शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार रात दोस्तों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही लोग मौके की ओर दौडे़। इस पर आरोपी फरार हो गए। लहूलुहान हालत में युवक को लेकर लोग अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
शाहजहांपुर निवासी जाहिद (22) पुत्र मरहूम महमूद करीब रात 9:15 बजे घर के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। पुलिस के मुताबिक जाहिद की दोस्तों से किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान एक दोस्त ने तमंचा निकाला और जाहिद के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही जाहिद जमीन पर गिर पड़ा। चीख पुकार और गोली की आवास सुनतेे ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच आरोपी मौके से भाग गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने जाहिद को हापुड़ रोड स्थित मंगलम हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना पर सीओ किठौर विनोद कुमार सिरोही और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हत्या जाहिद के दोस्तों ने की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
एक घंटे तक नहीं उठने दिया शव
इंस्पेक्टर किठौर ने बताया कि जाहिद का बड़ा भाई जावेद दिल्ली में काम करता है। लोगों का कहना था कि जावेद के आने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम हाउस जाने देंगे। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत किया। इसके बाद ही शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। जाहिद की चार बहनें है। इनमें तीन की शादी हो चुकी है। एक बहन उससे छोटी है। मां फुलमिर्जा का रो-रोकर बुरा हाल है।