चंडीगढ़ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार नशा तस्करों को डिस्को में काम करने वाले तीन बाउंसरों और कालेज छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करनी थी। एनसीबी अधिकारियों की मानें तो वे अब इन कस्टमरों की लिस्ट तैयार कर उनसे पूछताछ करने की तैयार कर रहे हैं।
एनसीबी ने खुलासा किया है कि पहले तो हेरोइन की खेप पंजाब बार्डर एरिया से आती थी, लेकिन अब पिछले कुछ समय से देखा गया है कि दिल्ली से शहर में हेरोइन की खेप पहुंच रही है। एनसीबी ने 10 जुलाई को 610 ग्राम हेरोइन के साथ भिवानी के रहने वाले अजीत सिंह और शिवम को गिरफ्तार किया था।
610 ग्राम हेरोइन में सीधे सीधे 8 लाख का फायदा
एनसीबी की जांच में सामने आया की आरोपियों के पास से बरामद हेरोइन की कीमत बाजार में 10 लाख रुपये है। आरोपी हेरोइन दिल्ली से एक नाइजीरियन से खरीद कर लाए थे। एनसीबी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे प्रति दस ग्राम हेरोइन तीन हजार रुपये में बेचते थे। इस हिसाब से ये सारी हेरोइन बिकने पर तस्करों को सीधा करीब आठ लाख रुपये का फायदा था। दोनों पिछले 6 माह से हेरोइन तस्करी कर रहे थे। इस दौरान वे दिल्ली से कई बार हेरोइन की खेप लेकर शहर में आ चुके हैं।