पंजाब के अबोहर में नई आबादी बड़ी पौड़ी (गली नंबर 13-14) में आरपी नेशनल स्कूल के पास एक खाली प्लाट में फेंके गए नवजात के दोनों पैर कुत्तों ने नोच डाले। इसके बाद कुत्ता जब उक्त शिशु के आधे शरीर को मुंह में दबाकर गली से गुजरने लगा तो लोगों ने उसका पीछा कर शव को छुड़वाया और मामले की सूचना नर सेवा संस्था और थाना नंबर दो की पुलिस को दी।
पुलिस ने संस्था के सहयोग से बच्चे का आधा शव मोर्चरी में पहुंचाया और मां की तलाश शुरू कर दी। इस बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब सात बजे गली नंबर 13-14 निवासी एक युवक ने कुत्ते को नवजात का शव मुंह में दबाकर भागते देखा। जिस पर उसने शोर मचाते हुए बच्चे को कुत्ते के मुंह से छुड़ाया और नर सेवा के प्रधान को सूचित किया।
सूचना मिलते ही थाना नंबर दो की पुलिस व नर सेवा संस्था के प्रधान राजू चराया अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और बच्चे के रक्तरंजित शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। राजू चराया ने बताया कि गोपाल की चक्की के नजदीक लीलूराम का एक प्लाट खाली पड़ा है। जिसमें संभवत: रात को किसी महिला ने आटा की खाली थैले में बंद कर इस नवजात लड़के को प्लाट में फेंक दिया।
दिन के समय उक्त बच्चे के दोनों पैर कुत्ते खा गए और उसके शरीर में कीडियां लग गई। उन्होंने बताया कि बच्चे का नाड़ा साथ में ही था इससे पता चलता है कि इसका जन्म बीती रात को ही हुआ है। महिला ने उसे घर से बाहर फेंक दिया। चराया ने बताया कि बच्चा जिस थैले में बंद था। पुलिस उसी आधार पर बच्चे की मां का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
लोगों से बातचीत करते हुए राजू चराया ने बताया कि ऐसे अनचाहे बच्चों के लिए सरकारी अस्पताल के छोटे गेट के पास एक पालना लगा है। जिसमें कोई भी अनचाहा बच्चा रखा जा सकता है। ताकि संस्था के माध्यम से उसकी देखभाल हो सके। इधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह पता लगाने का निर्देश दिया है कि उनके रिकार्ड में जो महिलाएं गर्भवती थीं उनका प्रसव कहां हुआ है और उनके बच्चे कहां है। वहीं सूत्रों से पता चला है कि पुलिस गली मोहल्ले की दाइयों के माध्यम से भी उक्त महिला का पता लगा रही है।