पड़ोसी ने कुत्ते पर कार चढ़ाई तो कुत्ते के मालिक ने पड़ोसी पर केस दर्ज करा दिया। सेक्टर-21 के अमित हांडा सोमवार को दोपहर अपने कुत्ते को घर के बाहर घुमा रहे थे। करीब एक बजे उनके ही पड़ोस में रहने वाला एक लड़का तेज गति से ऑल्टो चलाता हुआ आया और कुत्ते पर चढ़ा दी। कार की टक्कर से कुत्ते के कूल्हे की दो हड्डियां टूट गईं। अब 19 नवंबर को कुत्ते के कूल्हे की सर्जरी लुधियाना में होगी।
शिकायतकर्ता की बहन निधी हांडा का कहना है कि उनका कुत्ता बुरी तरह से घायल हुआ है। पूरे चंडीगढ़ में सभी वैटरनरी डॉक्टरों ने उसका इलाज करने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद मंगलवार को वह कुत्ते को लुधियाना इलाज के लिए ले गए। जहां डॉक्टरों ने कुत्ते की ड्रेसिंग की। दो दिन बाद सर्जरी के लिए बुलाया है। निधी हांडा के मुताबिक लुधियाने में कुत्ते की सर्जरी पर कम से कम 10 हजार रुपये खर्च होंगे।
वहीं निधी हांडा का कहना है कि कुत्ते को टक्कर मारने के बाद कार चालक उसका इलाज कराना तो दूर, ये जानने भी नहीं आया कि कुत्ता जिंदा है या मर गया।
वहीं महिला का कहना है कि मामला दर्ज कराने के लिए जब वह सेक्टर-19 पुलिस स्टेशन गई तो वहां भी पुलिस ने तुरंत केस रजिस्टर नहीं किया गया। अब केस रजिस्टर करने के बाद भी आरोपी पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी।