थाना सदर पुलिस ने ड्रग्स मनी से बनाई संपत्ति और असलहा बरामद कर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के बड़े तस्करों के साथ संबंध हैं और नशा बेचकर संपत्तियां बनाई है।
थाना सदर के इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पल्ला मेघा निवासी अमरीक सिंह व जरनैल सिंह नशे का धंधा करते हैं और इनके बड़े तस्करों के साथ संबंध हैं। इन्होंने ड्रगस मनी से काफी संपत्ति और असलहा खरीदा है। पुलिस ने गांव दुलचीके के पास से कार आई-20 से जा रहे आरोपियों को पकडने की कोशिश की लेकिन आरोपी भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापेमारी कर वहां से जमीनों की 20 रजिस्ट्रियां, एक राइफल 315 बोर व 25 कारतूस, तीन रिवाल्वर 32 बोर व सौलह कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पाक तस्करों के साथ भी संबंध हो सकते हैं। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही अहम खुलासा हो सकता है।