चंडीगढ़ जिला अदालत को एक बार फिर ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल सोमवार दोपहर को अदालत की ऑफिशियल मेल आईडी पर प्राप्त हुआ। सूत्रों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की आईडी पर आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की फोटो लगी थी और संदेश में ‘बम ब्लास्ट पंजाब एडवोकेट्स @ 3:11’ लिखा गया था। सूत्रों ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज की कोर्ट की ऑफिशियल मेल पर ई-मेल आई है। सोमवार दोपहर को ई-मेल पड़ते ही अदालत प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही करीब तीन बजे सेक्टर-43 पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई आशा देवी टीम के साथ पहुंचीं और धमकी का मैसेज पुलिस कंट्रोल रूम पर फ्लैश किया। इसके बाद कुछ ही देर में सेक्टर-36 थाना पुलिस, बम डिटेक्शन टीम, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने तुरंत अदालत परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल दिया। पुलिस ने लगभग दो घंटे तक जिला अदालत परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड ने विशेष उपकरणों और से सभी जजों के कोर्ट रूम, चैंबर, रिकॉर्ड रूम, कैंटीन और पार्किंग एरिया की बारीकी से जांच की गई लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु और विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस जांच में जुट गई है कि ई-मेल कहां से आई थी। आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है।
जांच करने पहुंचा डॉग स्क्वायड।
- फोटो : अमर उजाला
10 दिन पहले ड्रोन के जरिये बम गिराकर उड़ाने की धमकी
27 दिसंबर सुबह 11:55 बजे जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ई-मेल भेजने वाले ने अदालत की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर ड्रोन के जरिये बम गिराकर अदालत परिसर को उड़ाने की बात लिखी थी। पुलिस अभी तक ई-मेल करने वाले की पहचान नहीं कर पाई है।
जिला अदालत में बम स्क्वायड टीम
- फोटो : अमर उजाला
दो बार हाईकोर्ट और दो बड़े होटलों को मिल चुकी बम से उड़ाने की धमकी
साल 2025 में अगस्त और मई में हाईकोर्ट को दो बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। पुलिस ने एक मामले में ही एफआईआर दर्ज की थी। 22 मई को हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में जांच में आया था कि धमकी देने वाली ई-मेल का आईपी एड्रेस फ्रांस का निकला जबकि ई-मेल अमेरिका से भेजी गई थी। ई-मेल में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का जिक्र था। साल 2025 में सेक्टर-10 के म्यूजियम, दिसंबर 2024 में होटल ललित और औद्योगिक क्षेत्र स्थित हयात होटल को ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी आ चुकी है।