किसी बात को लेकर व्हाट्सऐप ग्रुप में दो दोस्तों का झगड़ा हुआ। आमना-सामना हुआ तो बीच बचाव करने आए छात्र की हत्या कर दी। मामला पंजाब के लुधियाना का है। व्हाट्सऐप पर बहस के बाद दोनों दोस्तों ने चैटिंग के दौरान झगड़ा करने के लिए समय बांध दिया। दोनों गुटों की तरफ से युवक मौके पर पहुंच गए।
युवकों पर इस कदर खून सवार था कि उन्होंने बीच बचाव करने के लिए आए युवक को ही मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी मृतक को वहीं छोड़ कर फरार हो गए। मृतक की पहचान गांव जंडियाला निवासी दविंदर सिंह (18) के रुप में हुई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी और थाना साहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर हरदीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दविंदर की हत्या किस ग्रुप की तरफ से की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।