पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंजौर ब्लॉक के गांव जोहलूवाल के पास स्थित एलटीडी फैमिली ढाबा पर रविवार देर रात करीब 12 बजे डस्टर कार में सवार होकर आए तीन युवकों ने खाने के बिल को लेकर बवाल काटा। बिल को लेकर हुए बवाल के दौरान युवकों ने पिस्टल से एक नहीं बल्कि आठ फायर झोंके। इसके बाद सभी युवक अपनी डस्टर कार में सवार होकर निकल गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जोहलूवाल निवासी शिकायतकर्ता टहल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे तीन युवक जिनकी उम्र करीब 25 -26 साल होगी अपनी डस्टर गाड़ी में आए थे। उन्होंने ढाबे पर खाना खाया। जब वेटर ने उनसे 470 रुपये का बिल दिया तो युवकों ने नशे की हालत में काउंटर पर आकर कहा कि बिल ज्यादा बनाया है।
उन्होंने कहा कि हमसे ज्यादा बिल लेकर ठीक नहीं किया। मौके पर मौजूद ढाबे के कारिंदों ने उन्हें जाने के लिए कहा तो वे गाड़ी के पास चले गए। कुछ देर बाद वे वापस आए। आरोप है कि गांव पपलोहा निवासी युवक संजू और जग्गा ने कहा कि इनको गोली मार दो।
इसके बाद तीसरे युवक ने पिस्टल निकल करीब सात फायर किए गए और बिना बिल अदा किये गाड़ी में बैठ कर चले गए। आरोप है कि युवक जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। पुलिस ने शिकायत पर दो युवकों नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज का जांच शुरू कर दी है।