मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में मिले सभी मोबाइलों की जांच-पड़ताल पुलिस ने शुरू कर दी है। जेल में चलने वाले फोन की इस बार आईडी निकलवाकर पुलिस अधिकारी सख्त कार्रवाई करने के मूड़ में हैं। चालू पाए गए सिमों पर जिसकी भी आईडी मिलेगी, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी है। जेल में मोबाइल पहुंचाने वाले असली गुनहगार तक भी पुलिस पहुंचेगी।
प्रशासन ने रविवार को अधिकारियों और भारी फोर्स के साथ जिला कारागार पर छापा मारा था। छापे के दौरान पुलिस को 22 मोबाइल फोन चलते मिले थे। पुलिस को मिले फोनों की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस बार सभी फोन के आईएमईआई नंबरों से उनकी खरीद-फरोख्त और किसके माध्यम से भीतर भेजे गए, इस बात की तहकीकात की जा रही है। पकड़े गए सभी सिमों की सर्विलांस के माध्यम से काल डिटेल निकाली जा रही है। पकड़े गए फोन पर बात करने वालों, सिम पर लगी आईडी सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी संतोष कुमार मिश्रा ने चेकिंग की कमान खुद ही थाम ली है। बताया कि पकड़े गए सिम और मोबाइल की वह अपनी देखरेख में जांच करवा रहे हैं। अधिकारी हो या कर्मचारी जिसकी संलिप्ता फोन को चलवाने में पाई जाएगी, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।