हरियाणा के फतेहाबाद जिले में बीघड़ रोड पर बुधवार सुबह रुपयों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडे व गंडासी से हमला करने के आरोप लगाए। जिसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
एक पक्ष का आरोप है कि उसने दो किलो साबुन उधार देने से इन्कार कर दिया तो दूसरे पक्ष का कहना है कि छह हजार रुपये लेने है। हमले में एक पक्ष के गांव मताना निवासी करतार व उसके बेटे बंटी और आत्म घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष के रामचंद्र व उसके बेटे सुरेश, नत्थूराम, बलवान तथा रिश्तेदार गुलाब सिंह घायल हुए हैं।
घायल करतार ने बताया कि उसकी बीघड़ रोड पर किरयाणा की दुकान है, सुबह नत्थूराम दो किलो साबुन लेने के लिए आया और उसने खाते में लिखने के लिए कहा, जब उसने मना किया तो परिवार के अन्य लोगों को बुलाकर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की राड, गंडासी के साथ हमला किया।
दूसरे पक्ष के नत्थूराम ने बताया कि उसने करतार के खेत में बिजाई की थी, उसके छह हजार रुपये लेने है। उसने करतार की किरयाणा की दुकान से दो किलो साबुन लिया और कहा रुपये खाते में लिख लें। उसने छह हजार रुपये लेने है। इसी बात को लेकर करतार व उसके बेटों ने हमला कर दिया।