इंदिरा कॉलोनी और पंचकूला के गांव बुढ़नपुर निवासी युवक के बीच रुपयों के विवाद में झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर तलवारें चलीं, जिसमें दो युवक व एक महिला घायल हो गई। सेक्टर-16 के प्रभारी सुरजीत सिंह के अनुसार, पुलिस ने दोनों गुटों का मेडिकल करवाकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गत सायं सेक्टर-9 की मेन रोड पर ऑटो में बैठकर पप्पू, जरीफ और उनके कुछ अन्य साथी जुआ खेल रहे थे। जुए में पप्पू तीन हजार रुपये हार गया। उसने जरीफ से उधार दिए रुपये मांगे। मना करने पर पप्पू और जरीफ के बीच बहस बढ़ गई।
पप्पू का आरोप है कि जरीफ, उसकी पत्नी मेहरूनिसा अपने अन्य साथियों को साथ लेकर उसके घर आए और उसकी गर्दन पर तेज हथियारों से तीन वार किए। उसकी बाजू पर भी एक वार किया। पप्पू के परिजनों व पड़ोसियों ने उसे सेक्टर-6 के जनरल अस्पताल में दाखिल करवाया।
वहीं, दूसरे गुट के जरीफ और उसकी पत्नी का कहना है कि पप्पू से 5500 रुपये लेने थे। उसने दंपति को पैसे देने अपने घर बुलाया। वह पप्पू के घर पहुंचे तो उसने अपने साथियों सहित उनकी पिटाई शुरू कर दी, जिससे मेहरूनिसा को चोटें आई।