नशे की तस्करी करने वाले सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की नजरें अब हिमाचल प्रदेश, पंजाब और ट्राइसिटी का लोकल नेटवर्क खंगालने में जुटी हैं।
ड्रग्स की खेप अफगानिस्तान, पाकिस्तान सहित अन्य देशों से लाकर दिल्ली से इसकी आपूर्ति की जा रही थी। बीती रात दिल्ली से पकड़े गए सप्लायर व इसी मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपी को कालका की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दिल्ली से पकड़े ड्रग्स सप्लायर नाइजीरियन ओकेरो इनसेंट और इसी मामले में दो दिन पहले कालका से गिरफ्तार इजू ओकारियो को अदालत में पेश किया गया। आरोपियों से पुलिस ने ढाई करोड़ की हेराइन, कोकीन और मिथाइन बरामद की थी।
दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी की दोनों टांगों में फ्रेक्चर है। वह दिल्ली से देश के अलग-अलग प्रदेशों में ड्रग्स सप्लाई करता था। इस मामले में अब तक गिरफ्तार नौ आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को लोकल नेटवर्क में शामिल लोगों का भी खुलासा हुआ है।
ड्रग्स की खेप लेकर हिमाचल प्रदेश जा रहा था
ड्रग्स तस्करी में शामिल आरोपी स्थानीय लोगों के अलावा हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी खेप पहुंचाते थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी की गिरफ्तारी हिमाचल बॉर्डर से हुई थी, जो ड्रग्स की खेप लेकर हिमाचल प्रदेश जा रहा था। सीआईए स्टाफ ने अब तक ड्रग्स तस्करी के मामले में नौ गिरफ्तारियां कर ली हैं, जबकि दो अन्य को भी नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया था।
11 मोबाइल किए थे जब्त
ड्रग्स तस्करों से बरामद 11 मोबाइल खंगालने से खुलासा हुआ है कि ड्रग्स की खेप पहुंचाने के लिए आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल करते थे। गत दिवस भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी तो एक पंचकूला, जबकि दूसरा हिमाचल प्रदेश बॉर्डर पर पकड़ा गया था। इनमें से अधिकतर एक ही गैंग के लिए काम कर रहे थे, जिसके सरगना के तार अफगानिस्तान से जुड़े हैं।
होटलों में करते थे मीटिंग
पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी दिल्ली से यहां आने पर फोन से संपर्क साधकर आगे नशे की सप्लाई करते थे। इसके लिए वह होटलों में मीटिंग करते थे और लोकल बिचौलिये को सप्लाई करने के बाद कस्टमर्स को भी नशा बेचते थे।
प्रमोद कुमार, एसीपी क्राइम ने बताया कि दिल्ली से पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।