एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ के दो अफसरों ने रात को नशे में धुत्त होकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने अपने साथियों के साथ झगड़ा किया।
इसके चलते सुपर विजन अफसर ने उनकी रिपोर्ट सहायक कमांडेंट को कर दी। सहायक कमांडेंट मनोज कुमार उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर रात करीब ढाई बजे एएसआई रैंक के इन दोनों अफसरों का मेडिकल कराया।
उन्होंने दोनों अफसरों को तत्काल ड्यूटी से हटाकर कमांडेंट कार्यालय भौंडसी में रिपोर्ट करने के आदेश जारी कर दिए। इस मामले में कमांडेंट परमवीर सिंह ने भी देर शाम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और रिपोर्ट हासिल की।
5 क्षेत्रों की ईवीएम की करते हैं सुरक्षा
जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम के लिए एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्ट्रांग रूम में बनाया गया है। इसमें बीएसएफ के सहायक कमांडेंट मनोज कुमार उपाध्याय के कमांड में कंपनी तैनात की गई है।
रात करीब ढाई बजे स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात सुपर विजन अफसर एसआई उदयबीर सिंह ने सहायक कमांडेंट मनोज कुमार उपाध्याय को फोन करके सूचना दी कि दो एएसआई मनी राम और परमजीत सिंह शराब के नशे में धुत्त होकर हंगामा कर रहे हैं। वे अपने साथियों के साथ झगड़ रहे हैं। उनके हाथ में लोडिड रायफल हैं। लिहाजा स्थिति खतरनाक है।
मेडिकल कराया गया दोनों अफसरों का
सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों अफसरों से बातचीत की। रात में ही थाना शहर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद एएसआई मनीराम और एएसआई परमजीत सिंह को बीएसएफ व पुलिस के जवानों के साथ सिविल अस्पताल में भेजा गया, जहां दोनों का मेडिकल कराया गया।
मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद सहायक कमांडेंट ने इसकी रिपोर्ट कमांडेंट भौंडसी परमवीर सिंह को दी। आदेश पाकर सहायक कमांडेंट ने दोनों अफसरों को तत्काल ड्यूटी से रिलीव करते हुए कमांडेंट कार्यालय में रिपोर्ट करने के आदेश जारी कर दिए।
रात को चाबी क्यों मांगी
एएसआई मनीराम ने बताया कि जब वे रात ढाई बजे ड्यूटी पर थे तो वहां पहुंचकर सहायक कमांडेंट ने उनसे स्ट्रांग रूम की चाबी मांगी। उन्होंने बिना किसी कारण के सहायक कमांडेंट को चाबी देने से मना कर दिया।
जब वे 10 अप्रैल से अब तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा भलीभांति कर रहे थे तो उन्हें अब क्यों हटाया गया। उन्होंने कहा कि वे तत्काल नौकरी छोड़कर अपने घर जा रहे हैं।
स्कॉट बैठेगा तब होगी कार्रवाई
रात को सूचना मिली थी कि एएसआई मनीराम और एएसआई परमजीत सिंह नशे में हंगामा कर रहे हैं। उनके पास लोडिड हथियार भी थे। कुछ भी हादसा हो सकता था। मैंने रात को ही निरीक्षण किया और दोनों का मेडिकल कराया। दोनों ने ज्यादा शराब पी रखी थी।
ईवीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक बेहद संवेदनशील मामला है। इसकी सुरक्षा में इस तरह की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं हो सकती। अनुशासनहीनता के लिए दोनों के खिलाफ स्कॉट बैठेगा और कार्रवाई की जाएगी। मैंने कमांडेंट अपनी रिपोर्ट दे दी है।
मनोज कुमार उपाध्याय, सहायक कमांडेंट बीएसएफ