सेक्टर-49 के डायनासोर पार्क में हुई घटना
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ सेक्टर 49 के डायनासोर पार्क में खेलते समय दो साल की बच्ची वहां पौंड में गिर गई और पानी में डूबकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच 32 में रखवा दिया है। सेक्टर 49 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन के एसएचओ रंजोध सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर सेक्टर 49 स्थित ईडब्लूएस कालोनी निवासी पेशे से प्लंबर लक्ष्मण दास ने थाने आ कर सूचित किया कि दोपहर 12.30 बजे उसकी दो साल की बेटी अनन्या उर्फ नंदनी पार्क से लापता हो गई है।
लक्ष्मण ने बताया कि नंदनी अपनी मां के साथ पार्क में गई थी। लेकिन 2.30 बजे उसकी मां जब घर जाने लगी तो पार्क में नंदनी कहीं नहीं दिखाई दी। उसको लगा कि शायद वह घर पहुंच गई होगी। लेकिन घर जाकर देखा तो बच्ची वहां भी नहीं थी। घर के आसपास भी देखा, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला।
सेक्टर 49 के डायनासोर पार्क में हुई घटना
- फोटो : अमर उजाला
बच्ची के खोने की सूचना पाते ही थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने कंट्रोल रूम में फोन कर रिजर्व पुलिस फोर्स बुलाई और एरिया में सर्च शुरू कर दी। पुलिस जब पौंड के पास पहुंची तो देखा बच्ची का शव पानी में तैर रहा था। पुलिस तुरंत बच्ची को पानी से निकाल कर जीएमसीएच 32 लेकर गई। जहां डाक्टरों ने बच्ची को देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस का कहना है कि जिस पौंड में बच्ची गिरी उसमें करीब चार फीट पानी भरा हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बच्ची पौंड के ऊपर बने पुल पर खेलते खेलते पहुंच गई और वहां से फिसल कर नीचे पानी में जा गिरी होगी। वहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
रेलिंग ऊंची होती तो बच सकती थी जान
लोगों का कहना है कि पुल के साथ बनी रेलिंग भी काफी छोटी थी जिससे बच्ची नीचे गिर गई। अगर रेलिंग थोड़ी ऊंची बनी होती तो ये हादसा न होता। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की मौत दुर्घटनावश हुई है। हालांकि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।