बिस्त दोआब नहर में लोगों की ओर से प्रवाहित किए जाने वाले नारियल और अन्य सामान को निकालते समय आठ साल का प्रेम पुत्र दिनेश पानी के बहाव में बह गया। हादसा देख प्रेम के साथ आए उसके दूसरे दोस्त वहां से भाग गए।
देर शाम तक प्रेम के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसके दोस्तों से पूछा। प्रेम के दोस्त मुकेश ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद घटना की सूचना रात को पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम ने बच्चे का शव घटना के स्थान से दो किमी दूर गाखलां गांव की पुली में फंसा हुआ बरामद कर लिया है। बच्चे के पिता के अनुसार प्रेम का एक भाई और दो बहने हैं।
शनिवार को उनका बेटा प्रेम मुकेश के साथ नहर पर गया था। मुकेश ने बताया कि जब वह नहर के किनारे पर खड़ा होकर नारियल और अन्य सामान निकाल रहा था तो उसका पैर फिसल गया।
इससे वह नहर में जा गिरा और पानी के साथ बह गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई देवी चंद ने बताया कि यह घटना एक्सीडेंट है। उनके मुताबिक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।