बीड़ी पीने के दौरान तकरार के बाद हुई मारपीट में बीते हफ्ते एक युवक (29) घायल हो गया था। इलाज के दौरान रविवार रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक जैकी की मां गीता पत्नी सतपाल निवासी लालड़ू मंडी ने बताया कि उनका बेटा जैकी 16 अक्तूबर को घर से लालडू मंडी के बाजार में खाना लेने गया था, कुछ देर बाद रॉकी मसीह पुत्र जसमेर मसीह उनके बेटे को रेहड़ी पर घर लेकर आया। उसने बताया कि पप्पू पुत्र ओमी व कुछ अन्य व्यक्तियों ने बीड़ी पीने को लेकर तकरार के बाद जैकी के साथ मारपीट की है। इसके बाद जैकी को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में ले जाया गया।
वहां से 21 अक्तूबर को उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां रविवार रात उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई राजिंदर सिंह ने बताया कि पप्पू पुत्र ओमी निवासी लालडू मंडी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।