पीयू के हॉस्टल में देर रात तीन युवकों ने एक छात्र पर चाकुओं से हमला कर हत्या का प्रयास किया। वारदात के बाद तीनों युवक अपनी गाड़ी से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीजीआई में एडमिट कराया है।
वारदात पीयू के हॉस्टल नंबर-पांच के रूम नंबर-21 में हुई। यह रूम लॉ फाइनल ईयर के स्टूडेंट सिमरनजीत सिंह (24) के नाम पर अलॉट है। यह छात्र मूलरूप से बठिंडा का रहने वाला है।
प्रत्यक्षदशियों के अनुसार मंगलवार रात को 10:50 बजे तीन युवक पीयू हॉस्टल के सामने एक्सयूवी कार से पहुंचे। इस दौरान एक युवक ड्राइविंग सीट पर बैठा रहा। जबकि दो अन्य युवक सिमरनजीत के कमरे के पास गए। 10:58 पर उन्होंने सिमरनजीत के कमरे का दरवाजा खटखटाया। दोनों के हाथ में तेजधार चाकू थे।
जैसे ही सिमरनजीत ने दरवाजा खोला। दोनों युवक उस पर टूट पड़े। इससे पहले कि सिमरनजीत को कुछ समझ में आता कि दोनों युवकों ने चाकुओं से उस पर ताबड़तोड़ हमले किए। सिमरनजीत के दोनों पैरों में युवकों ने लगभग पांच बार चाकू के वार किए। घायल सिमरनजीत चीखता हुआ लहूलुहान होकर नीचे गिर गया।
हॉस्टल में चीख-पुकार की आवाज से आसपास के छात्रों में हड़कंप मच गया। छात्रों को अपने कमरे से बाहर निकलता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों तेजी से भागते हुए नीचे इंतजार कर रही कार में पहुंचे। हालांकि इसी दौरान कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपियों की कार का नंबर नोट कर लिया।
वहीं वारदात की सूचना पाकर सेक्टर-11 पुलिस हॉस्टल नंबर-5 पर पहुंची। पुलिस की मदद से छात्रों ने घायल को पीजीआई में एडमिट कराया है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र सिमरनजीत के दोनों जांघों में गहरे जख्म आए हैं। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। बताए गए गाड़ी के नंबर को फ्लैश कर दिया गया है। देर रात तक पुलिस जांच में जुटी रही।