लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में संधू नगर के पास शनिवार देर रात रेलवे ट्रैक से एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ट्रेन के नीचे आने की वजह से शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। शव पड़ा देख इलाका निवासियों ने जीआरपी को सूचित किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
मृतक की पहचान 4 - नंबर रेलवे कॉलोनी निवासी की-मैन जगदीश कुमार के बेटे जतिन (30) के रूप में हुई, जो कि ई-रिक्शा चलाता था। सूचना के बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर आकर शव की शिनाख्त की। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या हुई है और इसे हादसा दिखाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। इसलिए मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
जीआरपी के अधिकारी घटनास्थल और शव की हालत देखने के बाद इसे खुदकुशी का मामला बता रहे थे। उनका कहना है कि प्राथमिक जांच से यह खुदकुशी का मामला प्रतीत हो रहा है लेकिन मामले की जांच अभी जारी है।