फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

संदिग्ध हालात में मिला 'टीपू सुल्तान' का शव

Mon, 19 Jan 2015 08:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, यमुनानगर/बिलासपुर
कपाल मोचन मुख्य मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए दबाए गए नाले के पाइप से युवक का शव मिला है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।


सूचना मिलते ही बिलासपुर एसएचओ हरविंद्र कुमार ने पुलिस कर्मचारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया। शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार सुबह कपाल मोचन मुख्य मार्ग पर सड़क के दाएं ओर निकल रहे नाले में पानी की निकासी के लिए पाइप दबाया हुआ है। सुबह सैर करने वाले लोगों ने पाइप के एक किनारे से युवक के पांव निकले हुए देखे। कुछ लोगों ने पाइप में झांक कर देखा तो युवक का शव पाइप के आधा अंदर और आधा बाहर पड़ा हुआ था।


पाइप में शव पड़ा होने की सूचना मिलने से आसपास लोगों की काफी भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बिलासपुर थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह, एएसआई मेघराज, एसए गुलजार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पाइप से बाहर निकाला और शिनाख्त कराने का प्रयास किया।

मृतक की शिनाख्त बिलासपुर निवासी टीपू सुलतान के रूप में हुई। इसके बाद इसके परिजनों को सूचना दी गई। मृतक का भाई कादिर मौके पर पहुंचा और शव की शिनाख्त की।

रातभर करते रहे तलाश
मृतक के भाई कादिर ने बताया कि उसका भाई टीपू सुल्तान (21) रविवार शाम को घर से बाजार के लिए कुछ काम के लिए निकला था लेकिन घर नहीं लौटा। उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। रात भी उसकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

कुछ सवाल कर रहे परेशान
युवक की मौत कैसे हुई यह संशय बना हुआ। यह केवल पुलिस के लिए ही नहीं, बल्कि परिजनों और आसपास के लोगों के लिए भी है। आखिर युवक नाले के पास कैसे पहुंचा। नाले के पाइप के अंदर उसका शव कैसे चला गया, जबकि नाले के अंदर पानी नाममात्र का है। पाइप के किनारे पर युवक का सिर वाला हिस्सा पाइप के अंदर था। यदि युवक नाले में गिरता तो उसका सिर पाइप के काफी अंदर तक नहीं जाता। यह सवाल पुलिस और परिजनों के लिए गुत्थी बने हुए हैं।

हरविंद्र सिंह, एसएचओ, थाना बिलासपुर ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने पाइप के अंदर से शव को निकलवाया। युवक के शरीर पर हालांकि चोट का कोई निशान नहीं है। मौत कैसे हुए है इसका पता लगाने के लिए पैनल से युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के सहीं कारणों का पता लग पाएगा।
विज्ञापन

और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें