पिछले दो दिन से लापता कश्मीरी नौजवान की लाश गांव बहादुर वाला से बरामद हुई है। बताया जाता है कि किसी ने उसकी हत्या कर लाश खेतों में फेंक दी। नौजवान के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को कश्मीर से आए लोगों ने फिरोजपुर शहर में रोष प्रदर्शन कर धरना दिया। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू की है।
मोहम्मद मीर बेग निवासी गांव सराजपुरा, तहसील हंदवाला जिला कुपवाड़ा ने बताया कि कश्मीर से करीब 200 लोग फिरोजपुर में सर्दी के सीजन में गर्म कपड़े बेचने के लिए आए हुए हैं। उनका साथी मुस्ताक अहमद मीर नवंबर माह में फिरोजपुर आया था और फिरोजपुर शहर के ब्लाकी कुएं के पास एक मकान किराये पर लेकर रह रहा था और कई गांव में साइकिल से गर्म कपड़े बेचता था।
बेग ने बताया कि मीर बुधवार सुबह आठ बजे कपड़े बेचने निकला था। उसने दोपहर 12 बजे मीर को कॉल कर खाना खाने को कहा तो उसने कहा कि शाम को पांच बजे आएगा। कई ग्राहकों से उधारी लेनी है। जब उसे शाम चार बजे कॉल की तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। उसके बाद शाम साढ़े पांच बजे कॉल करने पर भी मोबाइल स्विच ऑफ था।
फिरोजपुर में रह रहे सभी कश्मीरियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को पुलिस की कॉल आई तो सभी लोग गांव बहादुर वाला पहुंचे तो उसकी लाश खेत में मिली। बेग ने बताया कि मीर के तीन बच्चे हैं। बहन दिव्यांग है। बुजुर्ग मां है, पिता की पांच साल पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार बहुत गरीब है। बेग ने बताया कि हत्या करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सभी कश्मीरियों ने शहर में रोष प्रदर्शन किया है। अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। डीएसपी सतविंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।