हरियाणा के रेवाड़ी के कसौला थाना क्षेत्र के गांव आसलवास में मंगलवार की देर रात को सरसों के खेत में बंद सूटकेस में एक युवती का नग्न अवस्था में शव मिला है। सूटकेस को फाड़ कर कुत्ते शव को नोच रहे थे। इसे देखकर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इसके साथ ही बुधवार को शव की शिनाख्त के लिए गांवों और आसपास की कंपनियों में भी मुनादी कराई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवती की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर हत्यारों ने शव को यहां फेंक दिया। पिछले 10 दिन के दौरान जिले में चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात को गांव आसलवास के खेतों में एक किसान ने सूटकेस पड़ा देखा। उसने देखा कि इसे कुत्ते तेजी से फाड़ रहे थे। साथ ही कुत्ते मांस भी नोच रहे थे। इससे काफी दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में भी शव मिलने की सूचना भेजी गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव मिलने से गांव में दहशत का माहौल बन गया।
नौ से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है शव
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती का शव करीब नौ से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती की उम्र करीब 25 वर्ष लग रही है। शव के समीप ही एक चुन्नी भी बरामद हुई है। जिस सूटकेस में शव था, उसे भी बोरी में डाला गया था, लेकिन बोरी गल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजा है। पुलिस को अंदेशा है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां खेत में फेंका गया है।
सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की अभी पहचान नहीं हुई है। आसपास के गांवों व कंपनियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही शव की पहचान कराने के बाद आरोपियों की तलाश कर ली जाएगी।
-मनोज कुमार, थाना प्रभारी कसौला
10 दिन में चार लोगों के शव बरामद
गत दस दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर दो युवतियों सहित चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें महज एक शव की पहचान बधराना निवासी एक हलवाई के रूप में हुई है। बाकी तीनों शवों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। इसके बाद 9 दिसंबर को सुलखा से बधराना की ओर से जने वाले रोड पर सरसों के खेत में ही युवती का शव बरामद किया गया था, जिसके चेहरे को बुरी तरह से कुचला गया था। इस शव की अभी कोई पहचान नहीं हुई है। इसके बाद 11 दिसंबर को गांव टांकड़ी के पहाड़ों में शव नर कंकाल बरामद हुआ था, जिसकी अभी कोई पहचान नहीं हुई है। एक के बाद एक बरामद हो रहे शवों के बाद जिले में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठने लगे सवाल
तमाम प्रयासों के बाद भी पुलिस जिले में अपराधों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। बदमाश कभी हत्या तो लूटपाट की वारदात के अंजाम दे रहे हैं। हालांकि पुलिस 24 घंटे गश्त करने का दावा करती है, लेकिन जिस तरह से बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की गश्त पर ही सवाल उठने लगे हैं।