चंडीगढ़ में पार्क में शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
चंडीगढ़ के सेक्टर-38 डी की मार्केट स्थित पार्क में सो रहे दो युवकों के सिर पर उनके ही दोस्त ने पत्थर से वार किया। इस हमले में एक दोस्त की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर हाल में पीजीआई में भर्ती है। मृतक की पहचान शाहपुर कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ पांडा (30) और घायल की पहचान किशोरी (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से 24 घंटे के अंदर आरोपी मलोया कॉलोनी निवासी राजू (43) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तलाकशुदा है और कूड़ा उठाने का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, घायल किशोरी के साथ पांडा भी कूड़ा उठाने का काम करता था और दोनों सेक्टर-38 की मार्केट के पार्क में सोते थे। दोनों शराब पीने के आदी हैं।
आरोप है कि दोनों चोरियां भी करते थे। गिरफ्तार राजू ने बताया कि पांडा और किशोरी डड्डूमाजरा से उसकी रेहड़ी चुराकर ले आए थे। बुधवार रात करीब 11 बजे वह अपनी रेहड़ी मांगने आया तो उन्होंने झगड़ा कर उसे भगा दिया। रात करीब साढ़े तीन बजे वह वापस आया और सो रहे पांडा और किशोरी पर वजनदार पत्थर से वार कर फरार हो गया।
हमले में पांडा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि किशोरी जख्मी हालत में पड़ा रहा। सुबह करीब 8 बजे जब एक कर्मचारी संपर्क सेंटर खोलने गया तो उसने पार्क में दो लोगों को लहूलुहान अवस्था में बेसुध देख पुलिस को सूचना दी। गुरुवार सुबह 8.35 बजे पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंची और दोनों को पीजीआई पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने पांडा को मृत घोषित कर दिया जबकि किशोरी का इलाज शुरू कर दिया। एसपी सिटी श्रुति अरोड़ा, एएसपी मृदुल, सेक्टर-39 थाना प्रभारी ज्ञान सिंह, सेक्टर-36 थाना प्रभारी जसपाल सिंह और मलोया थाना प्रभारी सतनाम सिंह समेत फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।
दिन में भी हुआ था झगड़ा, पुलिस ने लिया था हिरासत में
पुलिस ने बताया कि डड्डूमाजरा से बुधवार को एक मोबाइल चोरी कर हुआ था। इस बात को लेकर दिन में भी किशोरी और पांडा का किसी से झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को हिरासत में भी लिया था लेकिन वारदात में इनकी कोई भूमिका सामने नहीं आई। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।