धनास लेक से डड्डूमाजरा जाने वाली सड़क के किनारे जंगल एरिया में वीरवार को एक युवक का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव को जानवर नोचकर खा रहे थे और पेट फटा हुआ था। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 201 (सुबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है।
घटना वीरवार सुबह करीब 8.30 बजे की है। धनास लेक व जंगल के सुरक्षा गार्ड मुकेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि धनास लेक से डड्डूमाजरा जाने वाली सड़क के किनारे जंगल एरिया में एक युवक का शव पड़ा है, जिसे जानवर नोच कर खा रहे है। सूचना पर पीसीआर इंस्पेक्टर रामदयाल समेत सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज शिवचरण टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने जांच में पाया कि युवक का शव दो से तीन दिन पुराना है और कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह से जला हुआ है। इसके चलते शव की पहचान कर पाना काफी मुश्किल हो गया।
वहीं, पुलिस को दिए बयान में सुरक्षा गार्ड ने कहा कि वह जंगल में कूड़ा फेंकने पर जांच के लिए आया था। इस दौरान ज्यादा बदबू आने पर जब उसने देखा तो पता चला कि किसी इंसान के शव को कुछ जानवर नोचकर खा रहे हैं। इसके बाद उसने इस बात की सूचना अपने अधिकारियों को देने के साथ पुलिस को भी दी। वहीं, मौके पर पहुंची सीएफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से फिंगरप्रिंट के नमूने जब्त किए। मुआयना पूरा होने पर करीब पांच घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग टीम की मदद से शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाया गया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।