हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक व्यक्ति से 2.46 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि व्हाट्सएप पर पहले उसे न्यूड कॉल की रिकॉर्डिंग भेजी गई और इसके बाद एक शख्स ने उससे पुलिस अधिकारी बनकर बात कर रुपये मांगे। उक्त शख्स ने रुपये न देने पर मामला दर्ज करने की धमकी भी दी। फिलहाल दादरी साइबर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि गत 23 जनवरी को उसके पिता के पास एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल में एक नग्न लड़की थी और उसके पिता के कॉल रिसीव करते ही लड़की के सहयोगियों ने वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर ली। 24 जनवरी को उसके पिता के व्हाट्सएप नंबर पर वो रिकॉर्डिंग भेजी गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसी दिन एक व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताया। उक्त शख्स ने कहा कि जसबीर के खिलाफ एक शिकायत आई है। अगर इसे रफा-दफा करना है तो रुपये देने पड़ेंगे वरना इस संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा। सामाजिक बदनामी के डर से जसबीर ने आरोपियों के बैंक खाते में 2.46 लाख रुपये की नकदी डलवा दी। हालांकि बाद में ठगी का आभास होने पर पुलिस से शिकायत की।