रुपये डबल करने का झांसा देकर एनआरआई से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एनआरआई को कुछ महीनों में रुपये डबल करने की स्कीम बताकर 21 लाख रुपये ले लिए। बाद में रुपये देने के नाम पर टाल मटोल करने लगे।
सेक्टर-34 पुलिस स्टेशन में सेक्टर-33 निवासी मंजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मोहाली निवासी राजकुमार और उसकी पत्नी सविता पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित मंजीत सिंह ने बताया कि वह इटली में करीब 22 साल रहने के बाद पिछले 7-8 वर्षों से भारत में रह रहे हैं।
उनकी राजकुमार से 1982 से जान पहचान थी। राजकुमार और उसकी पत्नी अक्सर उसके घर आते जाते रहते थे। पीड़ित ने बताया कि राजकुमार पहले रियल एस्टेट का बिजनेस करता था। बाद में मंदी आने के बाद उसने कहा कि अब वह इससे बड़ा काम करेगा। उसने एक ट्रेडिंग एंड फाइनेंस का काम शुरू किया।
इसके बाद राजकुमार पत्नी के साथ आया और रुपये डबल करने और मंथली इनकम की स्कीम समझाई। राजकुमार ने लालच दिया कि अगर तुम 20 लाख रुपये से ऊपर इन्वेस्ट करोगे तो 52 महीनों में पैसे डबल हो जाएंगे। जिसके बाद 2014 में मंजीत ने राजकुमार को मंथली इनकम के लिए 19 लाख रुपये दिए।
इसके बाद मंजीत को हर महीने 10 हजार 500 रुपये का चेक आने लगा। मंजीत को आठ महीने तक चेक आए। इसके बाद राजकुमार ने एक दिन कहा कि अगर तुम 20 लाख रुपये से ऊपर इन्वेस्ट करते हो तो तुम्हें बैंकाक या दुबई का फ्री ट्रिप दिया जाएगा।
इसके बाद जून 2015 में मंजीत सिंह ने 2 लाख रुपये का एक और चेक दे दिया। पीड़ित ने बताया कि रुपये लेने के बाद एक महीने तक राजकुमार व्यस्त होने की बात कहकर टालता रहा। न ही कोई उसका चेक आया और न ही विदेश का ट्रिप दिया।
उसने फिर एक दिन बताया कि जिस कंपनी में उसने रुपये लगाए थे, उस कंपनी का पैसा डूब गया है। लेकिन तुम्हारे पैसे 15-20 दिन में लौटा दूंगा। आज-कल करते-करते महीने बीतने लगे। बाद में आरोपी ने फोन उठाने भी बंद कर दिए। इस तरह मंजीत सिंह को आरोपी दंपति ने 20 लाख रुपये से ज्यादा की चपत लगाई।