सीबीआई ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एसएसई ट्रैक डिपोट, नॉर्दर्न रेलवे अंबाला डिवीजन में तैनात है। पुलिस ने शनिवार को सुबह रेलवे स्टेशन पर ट्रैप लगाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को सीबीआई आरोपी को पंचकूला की कोर्ट में पेश करेगी।
सीबीआई अफसरों के अनुसार आरोपी एसएसई हरमिंदर सिंह रेलवे में सामान सप्लाई करने का काम करने वाले प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर भूपिंदर कपूर से बकाया बिलों का भुगतान करने के नाम पर पैसे मांग रहा था। आरोपी एसएसई ने कॉन्ट्रैक्टर भूपिंदर से लाखों के बिल पास कराने के लिए 70 हजार रुपये की डिमांड की थी। लेकिन बाद में 60 हजार रुपये पर मामला तय हुआ था। जिसकी पहली किश्त के 25 हजार रुपये कॉन्ट्रैक्टर देने के लिए रेलवे स्टेशन पर आया था।
सीबीआई के अनुसार पीड़ित 2013 से रेलवे के साथ पी-वे मैटीरियल की सप्लाई कर रहा था। काम पूरा होने के बाद भी उसके बिलों का फाइनल भुगतान नहीं हुआ था। इसी को क्लीयर करने के लिए हरमिंदर कांट्रैक्टर से रुपये मांग रहा था। पीड़ित ने बताया कि उसकी अरनेस्ट मनी भी नहीं मिली। आरोपी बार बार उसके चक्कर लगवा रहे थे व पैसों की मांग कर रहे थे। जिससे तंग आकर पीड़ित ने शिकायत सीबीआई के पास की।
सीबीआई ने शनिवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रैप लगाया व जैसे ही आरोपी ने रिश्वत के रुपये पकड़े सीबीआई ने काबू कर लिया। जिसके बाद सीबीआई ने चंडीगढ़ व अंबाला में उसके घर व ऑफिस में भी छानबीन की। इस दौरान सीबीआई ने कई दस्तावेज भी कब्जे में लिए हैं।