मौके पर यदि पुलिस हस्तक्षेप न करती तो कुछ भी हो सकता था।
- फोटो : Demo pic
एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार को जनातियों और बारातियों में मारपीट हो गई। मौके पर चीता पुलिस पहुंची तो हमलावरों ने उनके साथ भी हाथापाई कर राइफल छीनने का प्रयास किया। कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में सिपाही ने छह लोगों को नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नगर के पश्चिमी बाईपास स्थित एक गेस्ट में शुक्रवार को बारात आई। देर रात करीब डेढ़ बजे किसी बात को लेकर बारातियों और जनातियों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में जनपद मैनपुरी के थाना करहल अंतर्गत ग्राम बम्टामऊ निवासी आलोक चौहान घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली की चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इस पर झगड़ा कर रहे लोग सिपाही और उसके हमराह होमगार्ड से अभद्रता करने लगे। लोगों ने होमगार्ड श्यामबाबू के साथ हाथापाई कर दी। सिपाही धीरेंद्र सिंह पटेल का आरोप है कि हमलावर उनकी रायफल छीनने का प्रयास करने लगे। झगड़ा होते ही गेस्ट हाउस में भगदड़ मच गई। मारपीट में कई लोगों के चोटें आईं। इस बीच सिपाही ने मामले की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर कोतवाल सीएल वर्मा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे। पुलिस बल को देख हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। इस बीच पुलिस ने अनुज कुमार, विनीत कुमार, गोविंद सिंह, आलोक सिंह और भूपेंद्र सिंह को पकड़ लिया। मारपीट में इन पांचों को भी चोटें आईं हैं। कोतवाली के सिपाही धीरेंद्र सिंह पटेल ने सुल्तानपुर निवासी अनुज कुमार, अजय सिंह, इब्राहीमगंज पड़ाव निवासी कन्हैया सिंह, भरतामऊ फर्रुखाबाद निवासी गोविंद सिंह, करहल मैनपुरी निवासी आलोक चौहान, बढ़ैला अजीतमल निवासी भूपेंद्र सिंह समेत 15 अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।