पंजाब सीमा पर स्थित कस्बा तलवाड़ा में एक कार बेकाबू होकर शाह नहर में जा गिरी। हादसे में तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति को आसपास के लोगों ने बचा लिया। गोताखोरों ने शव नहर से निकाल लिए थे।
गांव राम नंगल का रहने वाला हरीश कुमार अपनी भाभी अनु पत्नी सतीश कुमार को उसके मायके हिमाचल प्रदेश के धमेटा कस्बे में छोड़ने के लिए कार से जा रहा था। अनु की दो बेटियां वाणी (12), तनु (9) बेटा मनु (3) व हरीश की बहन सुमन पत्नी संजीव ठाकुर भी गाड़ी में सवार थीं।
तलवाड़ा में शिखा होटल के पास अचानक गाड़ी बेकाबू होकर शाह नहर में जा गिरी। नहर में गाड़ी गिरती देख आसपास के लोगों ने पानी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के चलते गाड़ी पानी में बहती हुई कुछ दूर जाकर डूब गई। इस बीच हरीश कुमार किसी तरह गाड़ी से बाहर निकल आया और धारा के साथ बहने लगा।
लोगों ने एक को बचाया, बीबीएमबी अस्पताल में दाखिल
इस पर करीब के गुज्जर डेरे के नौजवानों ने नहर में कूद कर उसे बाहर निकाल लिया। खबर पाकर तलवाड़ा थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गाड़ी और उसमें सवार पांच लोगों की तलाश की गई।
तलाश में ‘एम’ के तौर पर जाने जाते गूंगे बहरे गोताखोर और मुंशा सिंह गोताखोर ने अहम भूमिका निभाई और पानी के तेज बहाव के बीच कार को तलाश किया। इसके बाद देर शाम क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया तो तीन बच्चों सहित सभी पांचों के शव कार में ही फंसे थे।
शवों को कार से निकाल कर बीबीएमबी अस्पताल भिजवाया गया। बीबीएमबी अस्पताल में ही हरीश कुमार का भी इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना पर एसपी (एच) दिलबाग सिंह, एएसपी मुकेरियां डॉ. नानक सिंह, तहसीलदार मनोहर लाल और आसपास के थानों से पुलिस फोर्स पहुंची थी।