ग्वालियर से ड्रग लाकर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सप्लाई करने वाले दंपति को आपरेशन सेल की टीम ने रविवार तड़के सेक्टर-43 ज्यूडीशियल एकेड़मी के पास नाका लगाकर दबोच लिया।
एक्सयूवी गाड़ी की तलाशी के दौरान 147 किलो भुक्की बरामद हुई। पकड़े गए दंपति की पहचान बलटाना के रविंदरा इंक्लेव निवासी साकिर शेख और पत्नी नूरजहां के रूप में हुई।
सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आपरेशन सेल ने दंपति को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने साकिर शेख को तीन दिन के पुलिस रिमांड और नूरजहां को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आपरेशन सेल के इंचार्ज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर से दंपति महेंद्रा एक्सयूवी गाड़ी नं. सीएच 01यू-3786 से भुक्की लेकर चंडीगढ़ आ रहा है।
सूचना मिलते ही आपरेशन सेल के सब इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने सेक्टर-43 ज्यूडीशियल एकेडमी के पास नाका लगाया। तलाशी के दौरान जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया रिश्तेदार को बस स्टैंड पर छोड़कर घर जा रहे हैं।
आपरेशन सेल की टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो अलग-अलग बैग में 147 किलो भुक्की बरामद हुई।
साकिर शेख ने बताया कि वह पिछले एक साल से भुक्की और अफीम सप्लाई का काम कर रहा है। पुलिस टीम पता करने में लगी है कि साकिर शेख चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों में किस-किस को सप्लाई करता था।