पंजाब के फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस ने गांव भांबा वट्टू के पास से ढाई किलो हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पाकिस्तानी तस्करों से संबंध हैं और व्हाट्सएप के माध्यम से पाक तस्करों के संपर्क में था।
थाना काउंटर इंटेलिजेंस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। काउंटर इंटेलिजेंस के एआईजी लखबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम गांव भांबा वट्टू के पास गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी हेरोइन की तस्करी करता और उसके पाकिस्तानी तस्करों से गहरे संबंध हैं।
आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों से बातचीत कर हेरोइन की खेप मंगवाता है। शुक्रवार को भी उसने पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवाई है। काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने बताई हुई जगह पर दबिश दी और आरोपी जसविंदर सिंह निवासी गांव चक खीवा को काबू किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर दो किलो 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस आरोपी से गहन पूछताछ करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। यह लंबे समय से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है और कई बार हेरोइन की खेप मंगवा चुका है। जलालाबाद के डीएसपी अतुल सोनी भी उक्त तस्कर के बारे में गहन पूछताछ करने में जुटे हैं।