कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन के बीच सोमवार को भिवानी जिले में युवक-युवती के शव फंदे पर झूलते मिले। मुंढाल चौकी क्षेत्र में हुई घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव चौबारे में बने कमरे में लगे पंखे के हुक से लटके मिले।
मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है, हालांकि युवती के परिजनों ने किसी तरह के प्रेम प्रसंग से इनकार कर दिया है। लेकिन पुलिस इस पहलू से भी जांच करेगी। फिलहाल पुलिस ने मृतक युवती के भाई की शिकायत पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिया है।
मामला देर रात का बताया जा रहा है, जिसका पता सुबह करीब आठ बजे लगा। जहां शव मिले हैं, वह घर मृतक युवक का था। वह तीन भाई हैं और उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मृतक का छोटा भाई गांव में ही रहता है और बड़ा भाई किसी मामले में जेल में है। मृतक युवक की उम्र करीब 20 वर्ष है और युवती की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है।
जांच अधिकारी मुंढाल चौकी इंचार्ज रोहताश ने बताया कि युवती के भाई के बयान पर कार्रवाई की गई है।