सेक्टर-18/19 के चौक पर कांस्टेबल सुरेंद्र ने कार चालक को रोकने के लिए इशारा किया, क्योंकि कार चालक और उसके साथी ने सीट बेल्ट नहीं पहनी हुई थी।
कार चालक ने कांस्टेबल को टक्कर मार दी और 50 मीटर तक बोनट पर अपने साथ घसीट ले गया। कार को दाएं-बाएं ले जाकर सड़क पर फेंक कर कार सवार भाग गए।
सेक्टर-19 पुलिस ने कांस्टेबल की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, कार का नंबर हरियाणा का है। कांस्टेबल सुरेंद्र को काफी चोट आई है।
कांस्टेबल ने बताया कि विभाजक सड़क पर जब उसने कार चालक को इशारा किया तो वह पहले तो रुक गया, लेकिन जब दस्तावेज मांगने के लिए कार के आगे से गुजर रहा था तो इतने में चालक ने उसे टक्कर मारते हुए बोनट पर अपने साथ ले गया। कांस्टेबल का कहना है कि उसने आरोपी चालक की पहचान कर ली है, सामने आने पर वह पहचान लेगा। घायल कांस्टेबल को सेक्टर-16 के अस्पताल में भरती करवाया गया है।