कांग्रेस विधायक की सरकारी गाड़ी ने सड़क पर खड़े युवक को बुरी तरह कुचल डाला। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा फरीदकोट के गांव माई गोदड़ी के पास हुआ। विधायक का नाम मोहम्मद सदीक है। वे जाने-माने पंजाबी लोकगायक भी हैं।
मृतक युवक की पहचान गुरु नानक कालोनी निवासी हरमनप्रीत सिंह (21) पुत्र स्वर्गीय अमरजीत सिंह के रूप में हुई। हरमनप्रीत सिंह को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया।
थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह ने विधायक की सरकारी गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा थी।
पूछताछ में ड्राइवर ने दी जानकारी
पुलिस पूछताछ में गाड़ी ड्राइवर ने बताया कि विधायक सदीक को शहर के एक पैलेस में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व जैतो से विधायक जोगिंदर सिंह के बेटे की शादी का शगुन समारोह में शिरकत करने आना था।
फरीदकोट आते समय गाड़ी जैसे ही कोटकपूरा रोड पर माई गोदड़ी के पास पहुंची तो एक दोपहिया वाहन सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में गाड़ी का संतुलन खो गया और गाड़ी सड़क पर खड़े युवक को कुचल कर निकल गई। गाड़ी सड़क किनारे खड़े हरमनप्रीत सिंह को दूर तक घसीट कर ले गई।
परिवार का इकलौता बेटा था हरमनप्रीत
हादसे की वजह से एक परिवार का इकलौते चिराग बुझ गया। मृतक युवक हरमनप्रीत सिंह के परिवार में मां के अलावा एक बहन है। उसके पिता अमरजीत सिंह की करीब दो वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है।
परिवार के करीबी रिश्तेदारों के अनुसार शनिवार को हरमनप्रीत सिंह भी अपने ममेरे भाई की शादी समारोह में भाग ले रहा था और घटना के समय गुरुद्वारा माई गोदड़ी साहिब में उसके ममेरे भाई के आनंद कारज चल रहे थे।
मृतक हरमनप्रीत यहां के ही मालवा कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। उसके परिवार ने उससे काफी उम्मीदें लगा रखी थी। शादी वाले घर में जवान बेटे की मौत से कोहराम मच गया।