मुख्यमंत्री के साथ आरोपी शराब तस्कर
पंजाब की कांग्रेस सरकार नशा विरोधी मुहिम चला चला रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता खुद ही नशा तस्करी में लिप्त होकर अपनी ही सरकार की मुहिम को झटका दे रहे है। पुलिस ने कांग्रेस नेता की गाड़ी से हरियाणा की 200 पेटी शराब बरामद की है। आरोपी नेता पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसके एक साथी को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सीआईए 2 के प्रभारी इंस्पेक्टर तरजिंदर सिंह ने बताया कि सूचना के अधार पर गांव घुम्मन कलां के पास नाकाबंदी की गई थी। एक गाड़ी को संदेह होने पर रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी में 200 पेटी हरियाणा की शराब मिली। पुलिस ने लवप्रीत सिंह निवासी थराज को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी नवदीप सिंह झबर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मौड़ में केस दर्ज कर फरार कांग्रेसी नेता नवदीप की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है। आरोपी नवदीप अपने झबर गांव का सरपंच होने के साथ अखिल भारतीय जाट महासभा पंजाब का महासचिव और जिला कांग्रेस का महासचिव भी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिद्र सिंह सहित कई कांग्रेसी नेताओं के साथ उसकी तस्वींरे भी कई समाचार पत्रों में छप चुकी हैं। कांग्रेस की किलियां वाली रैली में भी उसने हिस्सा लिया और अपने बैनर भी लगाए। पुलिस अब उसे तलाश कर रही है।