अनुच्छेद 370 और 35ए के सिलसिले में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला की ओर से दिए गए बयान पर भाजपा आईटी सेल ने चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शनिवार दोपहर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने इस मामले में आईटी सेल के स्टेट एग्जीक्यूटिव मेंबर विनीत कुमार तिवारी का बयान दर्ज किया है।
इस मामले की शिकायत एसएसपी कुलदीप सिंह चहल से की गई थी। इसके बाद मामले को सेक्टर-34 थाना पुलिस को मार्क किया गया था। विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने बीते 12 अक्तूबर 2020 को अनुच्छेद 370 व 35ए के संबंध में कहा था कि चीन की मदद से इसे फिर से बहाल करेंगे। हमें 370 हटाना कबूल नहीं है।
जब तक 370 बहाल नहीं होता, तब तक हम लोग रुकने वाले नहीं हैं। तिवारी ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला के इस बयान से भारतीयों को ठेस पहुंची है। देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय पटल पर नीचा दिखाने का प्रयास किया गया है। देश की एकता और अखंडता को क्षति पहुंचाई गई है। इसके बाद से सेक्टर-34 थाना पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।