सेक्टर-17 के बज डिस्को में शनिवार देर रात डांस फ्लोर पर जमकर हंगामा हुआ। यहां पर युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने यहां से कुल 9 युवकों को गिरफ्तार किया है।
डांस के दौरान एक युवक की एक अन्य युवक को बाजू की कोहनी लग गई थी, जिस कारण विवाद शुरू हो गई। एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि एक युवक डिस्को के अंदर पिस्तौल चलाने जा रहा है। कंट्रोल रूम ने इसकी सूचना सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल और नीलम चौकी प्रभारी सोहन लाल को दी।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने यहां पर सभी युवकों की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ऊना निवासी गुरदीप सिंह, पंचकूला के सेक्टर-26 निवासी नवनीत सिंह और बापूधाम निवासी मोहित भारद्वाज आपस में भिड़ गए थे।
इनमें से ही एक युवक ने पुलिस को पिस्तौल चलाने की गलत सूचना कंट्रोल रूम में दी। पुलिस के अनुसार जब आरोपी युवकों से पूछताछ की जा रही थी तो इन आरोपियों ने कांस्टेबल मुन्नी राम के साथ भी हाथापाई की। सेक्टर-17 पुलिस ने इन तीनों युवकों को गिरफ्तार कर रविवार अदालत में पेश किया।
अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जब पुलिस डिस्को से उक्त तीन आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर बाहर आई तो पार्किंग में आधा दर्जन युवक हुड़दंग कर रहे थे। यह युवक पुलिस से भी उलझ गए। पुलिस ने इन छह युवकों के खिलाफ भी धारा-107-151 के तहत मामला दर्ज किया है।
इन आरोपियों को रविवार दोपहर को एसडीएम के समक्ष पेश किया गया जहां से युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। यह सभी आरोपी युवक जालंधर के निवासी है।
आरोपियों की पहचान कुलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, जसप्रीत सिंह, हरसिमरन सिंह, प्रीतपाल सिंह और मनीष अरोड़ा के रूप में हुई है। सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि कुल 9 युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
दर्जनों युवक और युवतियां थीं नशे में
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर डिस्को बंद करवाया। पुलिस के अनुसार डांस करने आए दर्जनों युवक और युवतियां बुरी तरह से शराब के नशे में थीं।
थाना प्रभारी की बाजू में आई चोट
हंगामा कर रहे युवकों को रोकते हुए सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी भी घायल हो गए। उनकी बाजू एक दीवार से टकराई जिससे उनकी बाजू में चोट लग गई है।