पिंजौर नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार करीब साढ़े 10 बजे पिंजौर ब्लॉक के गांव नानकपुर के पास हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई और कुछ देर में ही दोनों ट्रक जलकर राख हो गए।
ट्रकों में आग लगने की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी महिंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम भी घटना स्थल पर पहुंचीं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब साढे़ 10 बजे एक बड़ा ट्रक हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ से पिंजौर की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक पिंजौर से नालागढ़ की ओर जा रहा था।
पिंजौर ब्लॉक के गांव नानकपुर के पास ट्रकों में आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों को दूर तक ट्रक टकराने की आवाज सुनाई दी। मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। करीब साढ़े 11 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना में एक ट्रक चालक को चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे बद्दी नालागढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जबकि अन्य ट्रक का चालक मौके से गायब था।
आग से हाईवे पर लगा जाम
हाईवे पर ट्रकों में आग लगने के बाद पुलिस ने वाहनों की आवाजाही बंद करवा दी, जिस कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आग बुझाने में करीब एक घंटे का समय लगा। वाहन चालकों को करीब दो घंटे परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना पिंजौर एसएचओ महिंद्र सिंह का कहना है कि दो ट्रकों में आमने सामने टक्कर होने के बाद आग लग गई थी। मौके पर दमकल विभाग की टीम ने पहुंच कर आग पर काबू पा लिया परंतु तब तक ट्रक पूरी तरह जल गए थे घटना में जानी नुकसान नहीं हुआ है।