बुड़ैल निवासी 13 वर्षीय सातवीं क्लास के छात्र ने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, पुलिस की जांच में घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल, पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बुड़ैल निवासी शान मोहम्मद के रूप में हुई है। वह सेक्टर-45 स्थित सरकारी स्कूल में सातवीं क्लास में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार शान रोजाना ट्यूशन पढ़ने जाता था। लेकिन, बुधवार की शाम जब वह ट्यूशन नही पहुंचा तो उसके दोस्त पूछने उसके घर आ पहुंचे।
ट्यूशन न पहुंचने की सूचना पर उसकी मां ने उसके कमरे में जाकर देखा तो शान का शरीर पंखे से झूल रहा था। इसके बाद उसकी मां ने आसपास के लोगों को सूचना दी।
वहीं, पड़ोसियों से सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को जीएमसीएच-32 में पहुंचाया। लेकिन, ड्यूटी डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया । फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में लगी है।