पंजाब के अमृतसर में सीआईए स्टाफ ने हेरोइन और ड्रोन समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन, बैटरी संचालित खिलौना कार और एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीआईए को सूचना थी कि छेहरटा थानाक्षेत्र इलाका में तरनतारन के नौशहरा गांव निवासी वरिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह उर्फ मान और सराय अमानत खां गांव निवासी दविंदर सिंह मौजूद हैं। तीनों सुरक्षा के लिए अतिसंवेदनशील इलाके (सैन्य) खासा में घूम रहे हैं। इसके बाद सीआईए की टीम ने इलाके में नाकेबंदी करने के बाद आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के साथ-साथ एक ड्रोन व बैटरी संचालित खिलौना कार बरामद कर ली।
उक्त तीनों आरोपियों को ड्रोन और बैटरी संचालित कार बरामद होने पर अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। पुलिस अधिकारियों को संदेह है कि आरोपी इलाके में घूम कर ड्रोन की मदद से खासा में सैन्य ठिकानों की तस्वीरें ले रहे थे, जिन्हें आरोपियों ने पाकिस्तानी तस्करों या आईएसआई एजेंटों तक पहुंचानी थीं। अधिकारी आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन के डाटा खंगाल कर इनकी पूर्व दिनों की गतिविधियों का पता लगाने के प्रयास कर रहे हैं। एसीपी पूर्वी गुरप्रताप सिंह सहोता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बहुत जल्द ही आरोपियों के अन्य साथियों पर भी बड़ी कार्रवाई होगी।