वहीं विदेश भेजने का झांसा देकर फिरोजपुर में भी 30 लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने कनाडा भेजने का झांसा देकर तीन लोगों से 30 लाख 45 हजार रुपये की ठगी मारने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी फरार हैं। सुखविंदर सिंह निवासी गांव वलूर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी मुलाकात आरोपी परविंदर सिंह, अमनदीप कौर और बोहड़ सिंह निवासी सैदेके रूहेला थाना ममदोट से हुई।
आरोपियों ने उसके बेटे सुखजीत सिंह को कनाडा भेजने की बात कही और उससे 13 लाख रुपये मांगे, जो सुखविंदर ने उन्हें दे दिए। कई दिन बीतने के बाद भी आरोपियों ने उसके बेटे को कनाडा नहीं भेजा। जब आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने आनाकानी शुरू कर दी। सुखविंदर ने पुलिस को शिकायत दी, पुलिस ने पूरे मामले की जांच करने के बाद थाना कुलगढ़ी में शुक्रवार को आरोपी परविंदर, अमनदीप कौर और बोहड़ सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
इसी तरह आरोपी परविंदर सिंह व अमनदीप कौर ने कुलदीप सिंह पुत्र सवरन सिंह वासी गडोडू व उसके दोस्त सुखजिंदर सिंह से कनाडा भेजने के लिए 17 लाख 45 हजार रुपये मांगे, जो उन्होंने दे दिए। आरोपियों ने कुलदीप और सुखजिंदर को कनाडा नहीं भेजा और न ही पैसा वापस किया। कुलदीप ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।