प्राइवेट क्लीनिक चलाने वाली महिला डाक्टर के फोन पर कॉल करके परेशान करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, वहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सेक्टर-26 थाना पुलिस के अनुसार शिकायत सेक्टर-27 निवासी लेडी डाक्टर ने दर्ज करवाई। वह सेक्टर-27 में खुद का प्राइवेट क्लीनिक चलाती है। उन्होंने बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके मोबाइल पर बार-बार कॉल करके परेशान कर रहा है। आरोप है कि समझाने के बावजूद आरोपी व्यक्ति अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति का कॉल फरवरी से आना शुरू हुआ है। पहले अज्ञात व्यक्ति का फर्जी कॉल समझकर इग्नोर कर दिया। लेकिन, आरोपी युवक किसी भी समय बेवजह कॉल करके परेशान करने लगा। आखिर में तंग आकर लेडी डाक्टर ने सेक्टर-26 में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करवाया।
थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी का नंबर ट्रेस किया। इसी के आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शहर में पेंटिंग का काम करता है। वहीं, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही उसने डाक्टर का नंबर उनकी क्लीनिक से लिया था।