चंडीगढ़ के सेक्टर-54 के फर्नीचर मार्केट स्थित जंगल में बीते बुधवार को रंगाई-पुताई करने वाले सोनू की हत्या का खुलासा शुक्रवार को हो गया। पत्नी ने ही प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी से सोनू की हत्या करवाई थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी सुनीता (20) को गिरफ्तार कर लिया है जबकि गुरुवार को पुलिस ने सोनू के ममेरे भाई व सुनीता के प्रेमी राजीव को भी गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर सुनीता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि राजीव को एक दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले कई वर्षों से सुनीता और राजीव के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक सोनू को लग गई थी। इसके बाद सुनीता ने सोनू की हत्या करवाने की साजिश रच डाली। बीते मंगलवार को काम से लौटने के दौरान सोनू और राजीव ने सेक्टर-42 स्थित ठेके पर शराब पी।
रात करीब 10 बजे घर जाने के दौरान सेक्टर-54 स्थित जंगल क्षेत्र के पास राजीव ने लघुशंका के बहाने सोनू को रोक लिया और मौका देखकर बीच जंगल में सोनू की पीठ पर चाकू से हमला कर उसका गला दबा दिया। साथ ही पत्थर से हमलाकर वहां से फरार हो गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने की कोशिश करेगी। हत्या की साजिश रचने पर सेक्टर-39 थाना पुलिस 302 के साथ अब धारा 120/बी के तहत भी कार्रवाई कर रही है।
मां के साथ डेढ़ साल की बच्ची भी गई जेल
सुनीता की डेढ़ साल की एक बच्ची है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने सुनीता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, उसकी डेढ़ साल की बच्ची को भी मां के साथ जेल भेजने का आदेश दिया गया है।
यह है मामला
बीते बुधवार सुबह सेक्टर-54 फर्नीचर मार्केट जंगल क्षेत्र में पुलिस को एक युवक का शव खून से लथपथ मिला था। युवक ने जींस और सफेद शर्ट पहनी हुई थी। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस जांच में वारदात स्थल से कुछ दूरी सड़क पर रेंजर साइकिल और बंद पड़ा मोबाइल मिला था। जांच में शव की पहचान पलसोरा निवासी सोनू के रूप में हुई, जोकि रंगाई-पुताई का काम करता था। मंगलवार वह घर से साइकिल पर सेक्टर-33 में रंगाई का काम करने गया था लेकिन वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा था।