सेक्टर-27/डी स्थित सराफा व्यापारी की कोठी में पानी के टैंक की सफाई करते चाचा-भतीजा की करंट लगने से मौत हो गई। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने कोठी मालिक राम अवतार के खिलाफ 304/ए (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में जमानत पर छोड़ दिया।
सेक्टर-27/डी निवासी सराफा व्यापारी राम अवतार ने पानी के टैंक में जमी मिट्टी साफ करने के लिए गुरुवार सुबह प्लंबर जितेंद्र को बुलाया था। जितेंद्र अपने भतीजे वीरू को भी ले साथ ले आया और दोनों टैंक में सफाई करने लगे। दोपहर राम अवतार ने दोनों को टैंक में बेसुध देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर 26 थाना प्रभारी नरेंद्र पटियाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों श्रमिकों को टैंक से निकालकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टैंक में लगी मोटर में आया करंट
प्राथमिक जांच में सामने आया कि सफाई के दौरान टैंक में मिट्टी के साथ थोड़ा पानी रह गया था। चाचा-भतीजे ने दो टैंक तो साफ कर लिए थे, तीसरे टैंक के अंदर घुसे तो अंदर लगी मोटर में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों ने दम तोड़ दिया। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका कि किसकी लापरवाही से मोटर में करंट आया था। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोरोना सैंपल के बाद पोस्टमार्टम करवाकर इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।