दीपू को प्रोडक्शन वारंट पर लाई सेक्टर-34 थाना पुलिस ने गुरुवार को उसकी निशानदेही पर राजपुरा स्थित उसके ठिकाने से 4 पिस्टल और 50 कारतूस बरामद किए हैं। दीपू ने बताया कि वह वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारों को छिपा दिया करता था। इसके बाद दोबारा काम पड़ने पर इसका इस्तेमाल करता था। इन हथियारों का पता उन सभी अपराधियों को था, जिन्हें वह अपराध में शामिल किया करता था।
अंबाला जेल बैरक से बरामद हुआ सिम
वारदात में इस्तेमाल होने वाले सिम को पुलिस ने अंबाला जेल की बैरक से बरामद कर लिया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर दीपू ने इसी सिम का इस्तेमाल कर कुलविंदर सिंह उर्फ काला और सेवक उर्फ गुरी समेत शूटरों को अरविंद सिंगला के घर हमला करने के लिए कहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि पैरोल के दौरान मोबाइल को दीपू के दोस्त हरिंदर सिंह ने मुहैया करवाया था, सिम जेल में छह महीनों से एक्टिवेट है, जबकि मोबाइल को उसने जेल में बनी भट्ठी में जला दिया था।
पुलिस को इन चारों शूटरों की तलाश
दीपू ने पुलिस पूछताछ में पांच शूटरों के नाम का खुलासा किया है। इनमें हरियाणा के भिवानी निवासी राहुल, बच्ची, हरियाणा के गांव लाडवा का बलवीर उर्फ मनी, अमृतसर का नितिन और लुधियाना का करण शर्मा शामिल है। इनमें से पुलिस ने सिर्फ एक शूटर करण को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य चार शूटरों को दबोचने के लिए पुलिस हरियाणा और पंजाब के ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अभी तक इनकी हुई है गिरफ्तारी
शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई के घर पर हमला करने वाले एक शूटर करण शर्मा, मददगार जिम संचालक सेवक उर्फ गुरी और हथियार मुहैया करवाने वाले कुलविंदर सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा पुलिस वारदात में शामिल फोर्ड ऑइकन कार को भी जब्त कर चुकी है। क्राइम ब्रांच टीम ने सेवक उर्फ गुरी को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि शूटर करण को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।