सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में काम दिलाने के नाम पर दो युवकों ने मोहाली निवासी सुरेश कुमार से 50 हजार की ठगी कर ली। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच के बाद शिकायत के आधार पर अमित शर्मा समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरेश कुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसे अमित शर्मा ने फोन कर सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में मेकअप का काम दिलाने की बात कही थी। अमित ने उसे होटल में काम से पहले उसे 30 हजार रुपये अपने अकाउंट में जमा करवाने को कहा। सुरेश कुमार ने होटल में काम मिलने की बात पर 10-10 हजार रुपये कर कुल 30 हजार रुपये जमा करवा दिए। इस बीच अमित ने फोन करना बंद कर दिया।
एक सप्ताह बाद अमित के एक साथी ने फोन किया कि होटल में लोगों का मेकअप करना है, इसके लिए आपको किट दी जा रही है। इस किट की कीमत करीब 20 हजार रुपये है। सुरेश ने कॉल करने वाले की बातों में आकर 20 हजार रुपये की मेकअप किट खरीद ली। काफी दिन तक जब उसे होटल में काम नहीं मिला तो उसने अमित और उसके साथी से फोन पर संपर्क किया। पहले तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की और बाद में दोनों के मोबाइल बंद आए। इस पर सुरेश ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच के बाद अमित और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर ली है।